भारत की सबसे चहेती गायिका भारत रत्न, स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने रविवार सुबह मुंबई में अंतिम सांस ली। बॉलीवुड इंडस्ट्री और अपने फैंस के बीच लता दीदी के नाम से पहचानी जाने वाली लता मंगेशकर 92 वर्ष की थीं।
भारत रत्न लता मंगेशकर को कोविड 19 संक्रमण के बाद 8 जनवरी को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुरुआत में उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। हालांकि, कुछ दिनों बाद जब उनकी स्थिति में सुधार हुआ तब उन्हें वेंटिलेटर से हटा दिया गया था।
लेकिन, कुछ दिनों पूर्व उनके स्वास्थ में एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई थी। जिसके बाद उन्हें एक बार फिर वेंटिलेटर में शिफ्ट कर दिया गया था। बताया जाता है कि, कोविड 19 के संक्रमण के बाद वह निमोनिया से भी ग्रसित हो गईं थीं। जिस कारण रविवार सुबह मल्टीपल ऑर्गन फेल होने के कारण उनका निधन हो गया।
लता मंगेशकर जी के जाने से पूरा देश सदमे में है। सोशल मीडिया पर तमाम सेलिब्रिटीज से लेकर उनके प्रशंसक तक लगातार ट्वीट्स और पोस्ट कर रहे हैं। बॉलीवुड ही नहीं, राजनीतिक हस्तियों और स्पोर्ट्स से जुड़े लोगों ने भी नाइटिंगेल ऑफ इंडिया (स्वर कोकिला) को श्रद्धांजलि अर्पित की है।
उल्लेखनीय है कि, लता मंगेशकर भी एक बहुत बड़ी क्रिकेट प्रशंसक थीं। यही नहीं, उन्होंने कई बार भारतीय क्रिकेटरों के लिए अपने प्यार को भी सबके सामने रखा है। यही कारण है कि, बीसीसीआई से लेकर सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली सभी उनका सम्मान करते थे।
आज के इस लेख में, हम आपके लिए लता मंगेशकर और पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी की एक दिलचस्प घटना लेकर आए हैं।
दरअसल, साल 2019 में लता मंगेशकर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से खुश नहीं थीं। इसलिए, उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान से एक विशेष अनुरोध करते हुए ट्वीट भी किया था।
गौरतलब है कि, साल 2019 के आईसीसी वनडे विश्व कप के सेमीफाइनल में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। भारत की इस हार के बाद, ऐसी खबरें थीं कि धोनी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बारे में सोच रहे हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स में इस बात को लेकर भी दावा किया गया था, धोनी ने विश्वकप के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का पहले से ही मन बनाया हुआ था। लेकिन, लता मंगेशकर, एक दिग्गज क्रिकेट फैन होने के नाते, इस बात को लेकर ट्विटर पर सामने आयीं।
धोनी के सन्यास को लेकर लता मंगेशकर ने ट्विटर पर धोनी को टैग करते हुए ट्वीट किया था कि, ”नमस्कार एमएस धोनी जी। आज कल मैं सुन रही हूँ कि आप रिटायर होना चाहते हैं। कृपा आप ऐसा मत सोचिए। देश को आप के खेल की जरूरत है। और, ये मेरा भी अनुरोध है कि रिटायरमेंट का विचार भी आप मन में मत लाइये।
यहां देखें, लता मंगेशकर जी का ट्वीट:
Namaskar M S Dhoni ji.Aaj kal main sun rahi hun ke Aap retire hona chahte hain.Kripaya aap aisa mat sochiye.Desh ko aap ke khel ki zaroorat hai aur ye meri bhi request hai ki Retirement ka vichar bhi aap mann mein mat laayiye.@msdhoni
— Lata Mangeshkar (@mangeshkarlata) July 11, 2019
Discussion about this post