इंडियन प्रीमियर लीग का 15वीं सीजन चरम पर है, इतने सालों के बाद भी इसकी लोकप्रियता में लगातार इजाफा होना यह दर्शाता है कि, आईपीएल न केवल दुनिया की सबसे बड़ी लीग है बल्कि करोड़ों लोगों के सपनों की भी लीग है।
आज देश का हर युवा क्रिकेटर इस लीग में खेलने का सपना देखता है। इसका सबसे बड़ा कारण है कि यह लीग किसी की भी किस्मत बदल सकती है, जैसा कि हुआ उत्तरप्रदेश के भदोही में रहने वाले युवा क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल के साथ।
आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा यशस्वी जायसवाल की कहानी बेहद रोचक और प्रेरणादाई है। वास्तव में, एक ऐसा लड़का जो महज 11 साल की उम्र में घर छोड़कर मुंबई इसलिए पहुंचता है कि वह क्रिकेट खेल सके और फिर वहाँ पहुंचकर उसे अपना पेट पालने के लिए गोलगप्पे बेंचने पड़ते हैं। लेकिन, वह हिम्मत नहीं हारता क्योंकि वह जानता था कि वह क्रिकेट के लिए ही बना है और अब वह किसी परिचय का मोहताज नहीं है।
अंडर19 विश्वकप में मचाया था धमाल
साल 2020 में हुए अंडर 19 विश्वकप में यशस्वी जायसवाल का नाम लगातार चर्चा में हुआ बना हुआ था। जिसका सबसे बड़ा कारण उसकी तूफानी बल्लेबाजी थी। यशस्वी ने उस विश्वकप में 400 रन बनाए थे, जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल थे।
यशस्वी की कहानी पर अधिक जोर डालें तो उन्हें अपना पेट पालने के लिए मुंबई के आजाद मैदान के बाहर दौरान गोलगप्पे और फल तक बेचने पड़ते थे। उस दौरान कुछ ऐसे भी दिन आए जब उन्हें भूखे रहना पड़ता था। इसके बाद, यशस्वी को डेयरी में काम मिल गया। लेकिन, डेयरी वाले ने जब यह देखा कि इसे क्रिकेट खेलने के अलावा कोई और काम नहीं आता तब उसने यशस्वी को नौकरी से निकाल दिया।
जिसके बाद, मुंबई के एक क्लब ने यशस्वी जायसवाल की मदद की। हालांकि, मदद के साथ शर्त भी रखी गई थी कि अच्छा खेलोगे तभी टेंट में रहने दिया जाएगा। उस क्लब के टेंट में रहते हुए यशस्वी जायसवाल का काम खाना बनाना भी था। यहीं उन्हें खाना भी मिल जाता था।
इस दौरान जब आजाद मैदान में मैच होता था तो अक्सर बॉल गुम हो जाती थी, लेकिन यशस्वी ने यहां भी खुद के लिए काम तलाश लिया और अब बॉल खोजकर लाने पर भी उन्हें कुछ रुपये मिल जाते थे।
आजाद मैदान में ही एक दिन जब यशस्वी खेल रहे थे, तो कोच ज्वाला सिंह ने उन्हें देखा। फिर, क्या था ज्वाला सिंह ने उन्हें ट्रेंड करना शुरू कर दिया और कुछ ऐसा किया कि यशस्वी आज एक बेहतरीन प्लेयर बन गए हैं।
आईपीएल ने बदली किस्मत
बता दें कि, आईपीएल 2020 में यशश्वी जायसवाल को राजस्थान रॉयल्स ने 2.40 करोड़ रुपये में साइन किया था और फिर यही से उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई। आईपीएल 2021 में भी उन्हें इसी कीमत के साथ राजस्थान ने अपने साथ जोड़े रखा। और, फिर अब आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी से पहले राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 4 करोड़ रुपये की कीमत के साथ रिटेन किया था।
हालांकि, आईपीएल 2022 में अब तक यशश्वी जायसवाल का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है। लेकिन, बेहतर प्लेयर के लिए फॉर्म में वापसी करना कोई बड़ी बात नहीं होती क्योंकि उसे सिर्फ एक मैच की तलाश होती है। हम उम्मीद करते हैं कि यशस्वी इस आईपीएल में भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते रहें और मेन इन पिंक के अलावा मेन इन ब्लू यानि टीम इंडिया के लिए भी खेलते हुए दिखाई दें।
Discussion about this post