आईपीएल 2022 का 23वां मैच मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच बुधवार को पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा इस सीजन में अपने बल्ले से अभी तक कुछ खास कमाल नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अब तक चार मैचों में महज 80 रन बनाए हैं। जिसमें उनका सर्वाधिक स्कोर 41 रन रहा है। आज के इस मैच में अगर रोहित शर्मा पंजाब के खिलाफ 25 रन और बना लेंगे, तो एक खास रिकॉर्ड हासिल कर लेंगे।
रोहित शर्मा अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए प्रसिद्द हैं। उन्होंने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की है। रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4 शतक लगाए हैं और वह ऐसा करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। बता दें कि रोहित ने टी20 क्रिकेट में 374 मैचों में 31.76 की औसत से 9975 रन बनाए हैं। अगर वह आज के मैच में पंजाब के खिलाफ 25 रन और बना लेते हैं तो टी20 प्रारूप में 10,000 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे और ऐसा करने वाले दुनिया के सातवें बल्लेबाज बन जाएंगे।
आईपीएल के 23वें मैच में रोहित 1 चौका लगाते ही आईपीएल के इतिहास में अपने 500 चौके पूरे कर लेंगे। इससे पहले यह कारनामा भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली, शिखर धवन और सुरेश रैना कर चुके हैं। वह ऐसा करने वाले 5वें भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।
हाल ही में विराट कोहली भी बने थे दस हजारी
इससे पहले टी20 प्रारूप में यह कारनामा रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी अपने नाम किया है। कोहली के नाम 10379 रन दर्ज हैं और वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज हैं। उसके बाद इस क्लब में अब मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा की प्रवेश करने जा रहे हैं।
आईपीएल 2022 में मुंबई की वापसी की राह काफी कठिन नजर आ रही हैं, क्योंकि वह प्वाइंट्स टेबल पर नौवें स्थान पर है और इस मैच को जीत कर कप्तान रोहित शर्मा की टीम अपने प्रदर्शन में भी सुधार करना चाहेंगे। पंजाब की टीम दो जीत और इतनी ही हार के साथ प्वाइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर काबिज है।
Discussion about this post