अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में शतक लगाना एक बहुत ही बड़ा मुकाम होता है। वास्तव में, एक-एक रन जोड़कर 100 रन तक पहुंचना आसान नहीं होता। लेकिन, क्रिकेटर घण्टों तक मैदान में खड़े होकर शतक पूरा करते हैं। हालांकि, ऐसे भी कई दिग्गज क्रिकेटर हैं जो दोहरे शतक भी जड़ते हैं। पहले टेस्ट क्रिकेट में ही दोहरा शतक देखने को मिलता था। लेकिन, अब वनडे क्रिकेट में भी प्लेयर्स यह कारनामा करते हुए दिखाई देते हैं।
वनडे क्रिकेट में 200 रन के जादुई आंकड़े तक पहुंचना एक ऐसा काम है जो अब तक कुल 6 बल्लेबाज ही कर पाए हैं। जबकि, अब तक वनडे क्रिकेट में कुल 8 दोहरे शतक ही लग पाए हैं। आज के इस लेख में, हम वनडे क्रिकेट में दोहरे शतक के रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
उल्लेखनीय है कि, क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट इतिहास का पहला दोहरा शतक जड़ा था। तेंदुलकर ने साल 2010 में दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध हुए मुकाबले में यह कारनामा किया था।
सचिन तेंदुलकर के दोहरा शतक जड़ने के बाद से अब तक 12 साल बीत चुके हैं। लेकिन, इन 12 सालों में यह आंकड़ा महज 8 में ही रुका हुआ है। इसमें सबसे बड़ी बात यह है कि वनडे क्रिकेट इतिहास में में लगे कुल दोहरे शतकों में आधे से अधिक दोहरे शतक भारतीय खिलाड़ियों द्वारा लगाए हैं।
आइये एक नजर डालते हैं वनडे क्रिकेट में कब-कब बना दोहरा शतक…
1.) सचिन तेंदुलकर:
इस लेख में पहले भी बताया गया है कि, वनडे क्रिकेट का पहला दोहरा शतक मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने लगाया था। सचिन ने यह दोहरा शतक 24 फरवरी 2010 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जड़ा था। उस मैच में सचिन ने 147 गेंद में 200 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
2.) वीरेंद्र सहवाग:
सचिन तेंदुलकर ने जब दोहरा शतक बनाया था तब उन्होंने एक बयान में कहा था कि वीरू एक दिन मेरा यह रिकॉर्ड जरूर तोड़ेगा। और, सचिन की यह बात सोलह आने सच साबित हुई। टीम इंडिया के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने 8 दिसंबर 2011 वेस्टइंडीज के खिलाफ 149 गेंद पर 219 रनों की बेहतरीन पारी खेली थी।
3.) रोहित शर्मा:
टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में अब तक 3 दोहरे शतक जड़ चुके हैं। उन्होंने अपने करियर का पहला जबकि वनडे क्रिकेट इतिहास का तीसरा दोहरा शतक 2 नवंबर 2013 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जड़ा था। इस दौरान उन्होंने 158 गेंद पर 209 रनों की पारी खेली थी।
4.) रोहित शर्मा:
इस सूची में रोहित शर्मा का नाम दोबारा आना महज संयोग नहीं बल्कि वास्तव में रोहित ने साल भर के अंदर एक और शतक जड़ दिया था। रोहित का यह दोहरा शतक 13 नवंबर 2014 को श्रीलंका के खिलाफ हुए मैच में आया था। तब रोहित ने 173 गेंदों में 264 रन की विशाल पारी खेली थी। रोहित का यह स्कोर वनडे क्रिकेट इतिहास का आज भी व्यक्तिगत सर्वोच्च स्कोर है।
5.) क्रिस गेल:
यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर क्रिस गेल ने 24 फरवरी 2015 को जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार दोहरा शतक जड़ा था। इस मैच में उन्होंने 147 गेंदों में 215 रनों की तूफानी पारी खेली थी।
6.) मार्टिन गुप्टिल
न्यूजीलैंड के दिग्गज क्रिकेटर मार्टिन गुप्टिल का नाम इस सूची में छटवें स्थान पर है। गुप्टिल ने 21 मार्च 2015 को वेस्टइंडीज के खिलाफ वेलिंगटन 163 गेंदों में 237 रनों की पारी खेलते हुए दोहरा शतक जड़ा था।
7.) रोहित शर्मा:
रोहित शर्मा एक बार फिर इस सूची का हिस्सा हैं। रोहित शर्मा ने मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ खेले गए बन्दे मैच में एक बार फिर दोहरा शतक जड़ा था। यह उनके करियर का तीसरा दोहरा शतक था। 13 दिसंबर 2017 को श्रीलंका के खिलाफ हुए वनडे मैच में रोहित शर्मा ने 153 गेंदों में 208 रनों की नाबाद पारी खेली थी।
8.) फखर जमां
इस सूची में 8वां और आखिरी स्थान पाकिस्तान के फखर जमां का है। जिन्होंने 20 जुलाई 2018 को जिम्बाब्वे के खिलाफ हुए मैच में 156 गेंदों में 210 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए अपना दोहरा शतक पूरा किया था।
Discussion about this post